कुशीनगर: यूपी के कुशीनगर (Kushinagar) के कसया थाना क्षेत्र के चुरामन छपरा गांव में मंगलवार तड़के 22 वर्षीय युवक की धारदार हथियार (Sharp-edged weapon) से हत्या किए जाने की घटना से सनसनी फैल गई। युवक का शव घर के पीछे से बाहर ले जाने के प्रयास और बाद में सड़क पर मिलने की सूचना से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। घटना के विरोध में परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। पुलिस एंबुलेंस के आगे खड़े होकर लोगों ने शव ले जाने से भी रोक दिया। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने काफी देर तक लोगों को समझाने का प्रयास किया।
परिजनों के अनुसार, मंगलवार रात करीब 3:30 बजे अज्ञात हमलावर मकान के पीछे से घर में घुसे और धारदार हथियार से मोहित पर हमला कर दिया। आरोप है कि हत्या के बाद शव को पीछे के रास्ते से बाहर ले जाने का प्रयास किया गया। इसी दौरान शोर होने पर कथित हमलावर शव को छोड़कर फरार हो गए। हालांकि, घटना की वास्तविक परिस्थितियां पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होंगी। हत्या की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और आरोपियों की पहचान कर तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया, जिससे आवागमन प्रभावित हो गया।
वहीं सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी कसया डॉ. अजय कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी कसया विवेक कुमार मिश्रा, तहसीलदार धर्मवीर सिंह समेत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों तथा ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। मृतक की पहचान चुरामन छपरा निवासी मोहित मधेशिया (22), पुत्र योगेंद्र मधेशिया के रूप में हुई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने और घटना से जुड़े सुराग तलाशने का प्रयास किया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हत्या के पीछे की वजह, हमलावरों की संख्या और घटना में शामिल लोगों की पहचान जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस-प्रशासन से जल्द से जल्द घटना का पर्दाफाश कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं।


