– डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में पहुंची स्कॉर्पियो-एन।
– सामने से आ रही एक्सयूवी-700 से भिड़ी।
– चार लोग गंभीर घायल।
– सैफई में उपचार के दौरान डीएफओ विकास नायक और चालक देवांश ने तोड़ा दम।
अनुराग तिवारी
इटावा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में इटावा के जिला वन अधिकारी (डीएफओ) विकास नायक और उनके सरकारी चालक देवांश की मौत हो गई। हादसा फिरोजाबाद जनपद के नगला खंगर थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन संख्या 68.8 यानी करीब 69 किलोमीटर के पास हुआ। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो-एन अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही एक्सयूवी-700 से जोरदार टक्कर हो गई।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे हरियाणा से लखनऊ की ओर जा रही स्कॉर्पियो-एन में सवार लोगों के साथ हादसा हुआ। पुलिस के अनुसार वाहन चालक को अचानक नींद की झपकी आने की बात सामने आई है। अनियंत्रित वाहन डिवाइडर तोड़कर विपरीत दिशा की लेन में जा पहुंचा। इसी दौरान लखनऊ की ओर से आ रही एक्सयूवी-700 से उसकी आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
डीएफओ की गाड़ी में तीन लोग थे
एक्सयूवी-700 में इटावा के डीएफओ विकास नायक, उनके सरकारी चालक देवांश और 65 वर्षीय केशवती सवार थीं। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरी गाड़ी में सवार दंपती भी घायल हुए। विभिन्न रिपोर्टों के अनुसार कुल चार अन्य लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस से उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई भेजा गया।
चिकित्सकों ने डीएफओ विकास नायक और उनके चालक देवांश को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का उपचार जारी है।
मौके पर पहुंची पुलिस और एक्सप्रेसवे सुरक्षा टीम
हादसे की सूचना मिलते ही आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की गश्ती टीम, पीआरबी 5618 और नगला खंगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सहायक सुरक्षा अधिकारी फूल सिंह की टीम ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजने के साथ दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर पुलिस चौकी पहुंचाया गया, जिसके बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात सुचारू कराया गया।
“सिरसागंज के पुलिस उपाधीक्षक चंचल त्यागी ने हादसे में इटावा डीएफओ समेत दो लोगों की मौत की पुष्टि की है।”
2019 बैच के आईएफएस अधिकारी थे विकास नायक
विकास नायक भारतीय वन सेवा के 2019 बैच के अधिकारी थे और इटावा में प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी/डीएफओ के पद पर कार्यरत थे। वर्ष 2025 में इटावा में वन विभाग की गतिविधियों में उनकी सक्रिय भूमिका दर्ज है। वन महोत्सव सहित विभिन्न पौधरोपण कार्यक्रमों में उन्होंने विभागीय नेतृत्व किया था। विकास नायक मूल रूप से राजस्थान के नागौर जनपद के निवासी बताए गए हैं। उनके निधन की खबर से वन विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
सैफई पहुंचे डीएम-एसएसपी समेत अधिकारी
हादसे की सूचना मिलते ही इटावा के जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव समेत प्रशासन एवं वन विभाग के अधिकारी सैफई आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने चिकित्सकों से घायलों के उपचार की जानकारी ली और मृतक डीएफओ एवं चालक के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों और लंबी दूरी की यात्रा के दौरान चालक को नींद आने से होने वाले खतरे को सामने ला दिया है। हादसे के कारणों की पुलिस स्तर से जांच की जा रही है।


