34.7 C
Lucknow
Tuesday, August 11, 2026

बात करने बुलाया जीजा को, चाकू लेकर पहुंचा साला, पुराना बस स्टैंड पर दिनदहाड़े खूनी संग्राम, चाकूबाजी में जीजा गंभीर घायल

Must read

क्रसर
दोनों पक्षों में जमकर मारपीट, खून से लाल हुए कपड़े; पुलिस ने मौके से दोनों पक्षों को हिरासत में लिया
फर्रुखाबाद। कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र के पुराना बस स्टैंड के पास मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जीजा और साले के बीच बातचीत के लिए शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि बातचीत के लिए बुलाए गए जीजा पर साले ने अचानक चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से जीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। घटना के दौरान सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और दोनों पक्षों के कपड़े खून से सन गए।
जानकारी के अनुसार सैनिक कॉलोनी निवासी अजय पुत्र रामनरेश चौहान को उसके साले भोला सिंह राठौर निवासी गुजराती वाली गली ने बातचीत करने के लिए पुराना बस स्टैंड के पास बुलाया था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। मंगलवार को दोनों आमने-सामने हुए तो बातचीत के दौरान मामला बिगड़ गया।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर भोला सिंह ने अपनी जेब से चाकू निकाल लिया और अजय पर हमला कर दिया। अचानक हुए चाकू के हमले से मौके पर हड़कंप मच गया। अजय गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए और देखते ही देखते जमकर मारपीट शुरू हो गई।
पुराना बस स्टैंड जैसे व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हुई मारपीट से राहगीरों में भी हड़कंप मच गया। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमलावर रहे। मारपीट के दौरान कई लोगों के कपड़े खून से लथपथ हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
बताया गया कि मौके पर पुलिस की मौजूदगी के बावजूद दोनों पक्षों के बीच कुछ समय तक मारपीट होती रही। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों के लोगों को पकड़ लिया और उन्हें कोतवाली फतेहगढ़ ले जाया गया।
चाकू लगने से घायल हुए अजय को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार कराया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू और मारपीट से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ और चाकू से हमला करने की नौबत क्यों आई, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है। घटना को लेकर तहरीर और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article