फर्रुखाबाद। शमशाबाद थाना क्षेत्र में छेड़छाड़ का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। दबंगों द्वारा घर में घुसकर मारपीट करने और लगातार धमकाने से परेशान पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।
थाना शमशाबाद क्षेत्र के गांव गिलिक्रिया दलेलगंज निवासी लीलावती पत्नी मुकेश ने एसपी को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि बीते 2 तारीख को उसकी पुत्री गली से होकर घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में गांव का ही अनूप पुत्र राजाराम ने उसकी बेटी के साथ अश्लील हरकतें कीं। जब इसका विरोध किया गया तो आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद अनूप अपनी पत्नी रिंकी के साथ उनके घर में घुस आया और पीड़िता व उसकी दोनों बेटियों के साथ मारपीट की, साथ ही जान से मारने की धमकी दी। घटना की शिकायत चौकी फैजबाग में की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
आरोप है कि कुछ समय बाद अनूप के साले अर्पित, नीलेश, आलोक निवासी करतला थाना जहानगंज सहित 8-10 अज्ञात लोग दो चार पहिया वाहनों से पहुंचे और घर में घुसकर गाली-गलौज करने लगे। इस दौरान नीलेश ने पीड़िता की छोटी पुत्री के साथ भी छेड़छाड़ की। भयभीत पीड़िता ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी, जिसके पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद भी आरोपियों द्वारा लगातार परेशान किया जा रहा है और वे गांव में घूमकर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इस संबंध में थाना प्रभारी शमशाबाद और चौकी प्रभारी फैजबाग को भी कई बार सूचना दी गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
पीड़िता ने एसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
छेड़छाड़ का विरोध करने पर दबंगों का हमला, पीड़िता ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार


