फर्रुखाबाद। बीती रात आए तेज आंधी-तूफान और बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया। थाना शमशाबाद क्षेत्र के गांव शरीफपुर छिछनी में छत पर सो रही एक बुजुर्ग महिला तेज हवा के झोंके से सीढ़ियों से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी 70 वर्षीय राजवती पत्नी राम कुमार बीती रात अपने घर की छत पर सो रही थीं। देर रात अचानक मौसम बिगड़ गया और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। इससे बचने के लिए वह छत से नीचे उतरने लगीं।
बताया जा रहा है कि जैसे ही वह सीढ़ियों (जीने) से नीचे उतर रही थीं, तभी अचानक आए तेज हवा के झोंके से उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ीं। गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में घायल बुजुर्ग महिला को उपचार के लिए फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
आंधी-बारिश में हादसा: छत से उतरते समय गिरी बुजुर्ग महिला, हालत गंभीर


