26.5 C
Lucknow
Sunday, October 18, 2026

रामलीला में राम-सुग्रीव मित्रता का भावुक मंचन

Must read

शमशाबाद, फर्रुखाबाद। नगर के गुमटी महादेव मंदिर प्रांगण में आयोजित रामलीला महोत्सव के अंतर्गत शनिवार रात भगवान श्रीराम और सुग्रीव की मित्रता के मार्मिक प्रसंग का मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने अभिनय से प्रसंग को जीवंत कर दिया। मंचन देखकर दर्शक भाव-विभोर हो गए और पूरा परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
रामलीला में दिखाया गया कि जब लंकापति रावण माता सीता का हरण कर ले गया, तब भगवान श्रीराम अपने छोटे भाई लक्ष्मण के साथ वन में उनकी खोज कर रहे थे। खोजते-खोजते दोनों भाई किष्किंधा पर्वत की ओर पहुंचे। वहां मौजूद वानरों ने दो अज्ञात व्यक्तियों को देखकर उनकी पहचान जानने के लिए हनुमान जी को भेजा।

मंचन के दौरान हनुमान जी वेश बदलकर भगवान श्रीराम के पास पहुंचे और संवाद के माध्यम से उनकी पहचान की। सत्यता का पता चलने पर उन्होंने अपना वास्तविक स्वरूप प्रकट किया और भगवान श्रीराम के प्रति भक्ति भाव व्यक्त किया। इसके बाद हनुमान जी दोनों भाइयों को लेकर किष्किंधा पर्वत पहुंचे, जहां उनकी मुलाकात सुग्रीव से हुई।
किष्किंधा पर्वत पर अंगद, जामवंत, हनुमान जी और अन्य वानरों की उपस्थिति में भगवान श्रीराम और सुग्रीव ने अग्नि को साक्षी मानकर मित्रता की। इस दौरान सुग्रीव ने भगवान श्रीराम को बताया कि उनके बड़े भाई बाली ने उनकी पत्नी को अपने अधिकार में लेकर उन्हें राज्य से बाहर कर दिया है। वहीं, भगवान श्रीराम ने सुग्रीव को माता सीता के हरण की पूरी घटना बताई। दोनों ने एक-दूसरे की सहायता करने और अपने-अपने दुख दूर करने का वचन दिया।
राम-सुग्रीव मित्रता के इस भावुक प्रसंग का मंचन देखकर दर्शक भाव-विभोर हो गए। श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के गगनभेदी जयकारे लगाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इससे पूर्व गुमटी महादेव मंदिर से भगवान श्रीराम और लक्ष्मण की शोभायात्रा निकाली गई। नगर में जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत किया गया। भाजपा नेता विजय गुप्ता ने भगवान श्रीराम की आरती उतारी और पुष्पवर्षा कर कलाकारों का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कलाकारों को फल भी वितरित किए।
कार्यक्रम में रामलीला कमेटी के अध्यक्ष श्याम मिश्रा, नवनीत रस्तोगी, आलोक भारद्वाज, संजय पाठक, संजय गंगवार, जोगराज राजपूत और जितेंद्र कुमार शाक्य सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में कमेटी अध्यक्ष ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी दर्शकों और पुलिसकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article