सुबह परिवार में गमी में शामिल होकर लौट रहे थे लोकेंद्र यादव, हादसे से कुछ देर पहले पत्नी से फोन पर हुई थी बात; दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
कायमगंज/फर्रुखाबाद। कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में अलीगंज रोड स्थित कैसर खां अड्डे के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। अस्पताल पहुंची पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान जनपद मैनपुरी के थाना औंछा क्षेत्र के नगला हार निवासी गिरीश यादव के 38 वर्षीय पुत्र लोकेंद्र यादव के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल लोकेंद्र को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर विपिन ने चिकित्सीय परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
लोकेंद्र की मौत की सूचना मिलते ही उनकी पत्नी कल्पना अस्पताल पहुंचीं। पति की मौत की खबर सुनकर वह बदहवास हो गईं और रो-रोकर उनका बुरा हाल हो गया। कल्पना ने बताया कि लोकेंद्र सुबह परिवार में हुई गमी में शामिल होने के लिए मैनपुरी गए थे। वहां से लौटते समय हादसे से कुछ देर पहले ही उनकी फोन पर बात हुई थी।
पत्नी के मुताबिक, फोन पर लोकेंद्र ने कहा था, “हम टोल पर आ गए हैं, तुम पानी भरकर रख लो, हम आकर नहाएंगे।” कल्पना को क्या पता था कि पति से हुई यह बातचीत उनकी आखिरी बातचीत साबित होगी। घर लौटने का इंतजार कर रही पत्नी को कुछ ही देर बाद उनकी मौत की खबर मिल गई। इस घटना ने परिवार की खुशियां छीन लीं।
बताया गया कि लोकेंद्र यादव वर्ष 2017 से कायमगंज चीनी मिल में फिटर के पद पर कार्यरत थे। वह परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके परिवार में 14 वर्षीय बेटी परी और 09 वर्षीय बेटा शिवांश है। पिता की असमय मौत से दोनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। हादसे के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में हुई युवक की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं, परिवार के लोग इस दुखद घटना से सदमे में हैं।


