नवाबगंज: नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव बीसलपुर बांगर में गुरुवार सुबह प्रधान के 12 वर्षीय पुत्र के अपहरण का प्रयास किया गया। गांव के ही कुछ युवकों के इशारे पर दुग्ध वाहन के चालक और परिचालक ने उसे जबरन वाहन में डाल लिया। हालांकि, बच्चा रास्ते में किसी तरह बच निकला।
जानकारी के अनुसार, प्रधान धारा सिंह का पुत्र विक्रांत सुबह करीब 9 बजे खेत से साइकिल से घर लौट रहा था। गांव के पास स्थित प्राथमिक पाठशाला के समीप बैठे गांव के एक युवक और उसके साथियों के इशारे पर एक दुग्ध वाहन आया। वाहन के अज्ञात चालक और परिचालक ने विक्रांत को जबरन पकड़कर दुग्ध वाहन में आगे डाल लिया और उसकी साइकिल पीछे डाले में रख ली।
रास्ते में विक्रांत किसी तरह थाना मोहम्मदाबाद के गांव रोहिला स्थित एक मंदिर के पास पहुंचा। उसने मंदिर के पुजारी से फोन लेकर घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और विक्रांत को लेकर घर आए।
इसके बाद प्रधान धारा सिंह अपने गांव के लोगों के साथ पुत्र विक्रांत को लेकर थाने पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी राजीव कुमार को घटना की जानकारी दी और लिखित तहरीर सौंपी। पुलिस ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


