सर्विलांस की मदद से युवक को सकुशल खोज निकाला, परिजनों ने पुलिस की तत्परता को सराहा
अमृतपुर: ससुराल से घर लौटने के बाद रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुए युवक को अमृतपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तहरीर मिलने के करीब एक घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की सक्रियता से परेशान परिजनों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार दिनेश पुत्र कल्लू की शादी करीब नौ माह पहले हुई थी। वह पत्नी की विदाई कराने ससुराल गया था, लेकिन पत्नी उसके साथ नहीं आई। इसके बाद दिनेश घर वापस लौट आया। कुछ देर बाद वह पास की परचून की दुकान पर गुटखा लेने गया, जहां से लौटने के बाद अचानक लापता हो गया। काफी देर तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की तथा मोबाइल पर संपर्क किया, लेकिन फोन बंद मिला।
करीब 15 घंटे तक युवक का कोई सुराग नहीं मिलने पर चिंतित परिजन अमृतपुर थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर बरामदगी की गुहार लगाई। मामले को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष दर्शन सिंह सोलंकी ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर युवक की तलाश शुरू कराई।
पुलिस टीम ने सर्विलांस की मदद से संभावित स्थानों पर जानकारी जुटाई और लगातार प्रयास किए। पुलिस की तत्परता का परिणाम रहा कि तहरीर मिलने के करीब एक घंटे के अंदर युवक को सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने युवक को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
युवक के सकुशल मिलने की सूचना पर परिवार में खुशी का माहौल बन गया। परिजनों ने अमृतपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सक्रियता और तकनीकी मदद से की गई बरामदगी की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार जताया।


