40 C
Lucknow
Saturday, May 23, 2026

भारत दौरे पर पहुंचे अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो

Must read

 

पीएम मोदी से होगी अहम मुलाकात, रक्षा-व्यापार और हिंद-प्रशांत रणनीति पर होगी बड़ी चर्चा

नई दिल्ली। मार्को रुबियो चार दिवसीय भारत दौरे पर शनिवार को नई दिल्ली पहुंच गए। भारत आगमन पर उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि उन्हें शानदार दौरे की उम्मीद है। अमेरिकी विदेश मंत्री के इस दौरे को भारत-अमेरिका संबंधों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

दिल्ली पहुंचने से पहले रुबियो ने कोलकाता में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने अपनी पत्नी जीनेट रुबियो के साथ मिशनरीज ऑफ चैरिटी और मदर टेरेसा हाउस का दौरा किया। इस दौरान भारत में सर्जियो गोर भी उनके साथ मौजूद रहे। कोलकाता में उनके दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।राजधानी दिल्ली में अमेरिकी विदेश मंत्री की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अहम बैठक प्रस्तावित है। इस दौरान ऊर्जा, व्यापार, रक्षा, तकनीक और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सामरिक सहयोग जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा रुबियो अमेरिकी दूतावास परिसर में आयोजित कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे।

विदेश मंत्रालय के अनुसार 26 मई को नई दिल्ली में चतुष्पक्षीय समूह देशों के विदेश मंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित होगी। इसमें भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग, जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो शामिल होंगे। बैठक में स्वतंत्र और समावेशी हिंद-प्रशांत क्षेत्र को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
मार्को रुबियो का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब वैश्विक स्तर पर पश्चिम एशिया संकट और एशिया-प्रशांत क्षेत्र में बढ़ती सामरिक चुनौतियों को लेकर कई बड़े देश सक्रिय कूटनीतिक प्रयासों में जुटे हुए हैं। राजनीतिक विशेषज्ञ इस यात्रा को भारत-अमेरिका संबंधों में नई मजबूती के रूप में देख रहे हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article