नवाबगंज। थाना मेरापुर क्षेत्र के गांव रशीदपुर निवासी राहुल शाक्य बुधवार को फतेहगढ़ स्थित ब्रह्मदत्त स्टेडियम में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद वह अपने चचेरे भाई दीपक के साथ चार पहिया वाहन से घर लौट रहे थे।
राहुल के अनुसार, गांव नगला चंदन और गढ़िया के बीच समरसेवल के पास सड़क पर एक मोटरसाइकिल खड़ी थी। इससे रास्ता बाधित होने पर उन्होंने गाड़ी रोककर वहां मौजूद युवक से मोटरसाइकिल को एक तरफ हटाने को कहा। आरोप है कि इसी बात को लेकर युवक और उसके साथियों ने राहुल के साथ गालीगलौज शुरू कर दी।
राहुल ने गालीगलौज का विरोध किया तो आरोप है कि युवक और उसके साथियों ने उनकी गाड़ी पर लगा भाजपा का झंडा फाड़ दिया। इसके बाद डंडा मारकर गाड़ी की पीछे की लाइट भी तोड़ दी। घटना के बाद राहुल ने गुरुवार को थाना मेरापुर पहुंचकर युवक और उसके साथियों के खिलाफ तहरीर दी।
थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


