मोहम्मदाबाद। थाना क्षेत्र के सनौड़ा ईश्वरी गांव निवासी आलोक सिंह ने गांव के अजय, राजपाल सिंह उर्फ भोदे, नवरतन, आशुतोष और एक अज्ञात व्यक्ति पर घर में घुसकर मारपीट करने, गला दबाने, सोने की बाली छीनने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
आरोप है कि 30 अगस्त की रात आलोक श्याम जनता इंटर कॉलेज के पास कृष्ण कुमार के साथ हो रही मारपीट में बीच-बचाव करने के बाद घर लौट आया था। इसके बाद आरोपी उसके घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए अंदर घुसकर लाठी-डंडों व लात-घूंसों से मारपीट की। शोर सुनकर पिता ओमपाल सिंह और चाचा शिशुपाल सिंह समेत अन्य लोग पहुंचे तो आरोपी धमकी देकर भाग गए। पुलिस द्वारा रिपोर्ट दर्ज न किए जाने पर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर प्रभारी निरीक्षक बलराम मिश्रा ने अजय, राजपाल सिंह उर्फ भोदे, नवरतन, आशुतोष व एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच कर कार्रवाई की बात कही है।


