34.6 C
Lucknow
Saturday, July 25, 2026

मुख्य 33 केवी लाइन में फाल्ट से नवाबगंज नगर समेत 100 से अधिक गांवों की बिजली गुल, घंटों परेशान रहे लोग

Must read

नवाबगंज, फर्रुखाबाद। नवाबगंज नगर और उससे जुड़े 100 से अधिक गांवों में शनिवार दोपहर अचानक बिजली आपूर्ति ठप हो जाने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। नीम करौली विद्युत उपकेंद्र से आने वाली मुख्य 33 केवी लाइन में तकनीकी फाल्ट आने के कारण विद्युत विभाग को पूरी लाइन ब्रेकडाउन घोषित करनी पड़ी। इसके चलते नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति घंटों बाधित रही। उमस भरी गर्मी में बिजली गुल होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 2 बजे नीम करौली से आने वाली मुख्य लाइन में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। फाल्ट के बाद विभागीय कर्मचारियों ने कई बार बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया, लेकिन हर बार लाइन में दोबारा खराबी आने से सफलता नहीं मिल सकी। लगातार समस्या बने रहने पर अधिकारियों ने सुरक्षा के मद्देनजर लाइन को ब्रेकडाउन घोषित कर दिया।
बिजली आपूर्ति बाधित होते ही विभाग की टीम फाल्ट की तलाश में जुट गई। लाइनमैन प्रदीप कुमार, प्रमोद कुमार, मंजेश कुमार, विकास यादव, विकास कुमार, गौरव सिंह और मुकेश कुमार सहित अन्य कर्मचारी कई किलोमीटर लंबी मुख्य लाइन की पेट्रोलिंग कर खराबी का पता लगाने का प्रयास करते रहे, ताकि जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल की जा सके।
बिजली गुल होने से नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। घरों में पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण बंद हो गए। वहीं बिजली न होने से मोटर और पंप भी नहीं चल सके, जिससे कई इलाकों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित रही। दुकानदारों, छोटे व्यापारियों और घरेलू उपभोक्ताओं का कामकाज भी प्रभावित हुआ।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article