22 जून की भीषण आग में 15 लोगों की गई थी जान, समयसीमा पूरी होने पर एलडीए करेगा कार्रवाई
लखनऊ। राजधानी के अलीगंज स्थित भीषण अग्निकांड वाली इमारत को ध्वस्त करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। 22 जून को इस इमारत में लगी आग में 15 लोगों की दर्दनाक मौत के बाद लखनऊ विकास प्राधिकरण ने भवन स्वामी के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
एलडीए ने 10 जुलाई को भवन स्वामी को स्वयं इमारत गिराने का आदेश जारी करते हुए 15 दिन का समय दिया था। अब निर्धारित अवधि पूरी होने में केवल पांच दिन शेष हैं। यदि तय समय में भवन नहीं गिराया गया तो एलडीए अपने स्तर पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करेगा।
इसी क्रम में सोमवार को इमारत के भीतर बचा हुआ सामान निकालने का कार्य शुरू कराया गया। भूतल पर संचालित पेट शॉप का सामान भी हटाया गया। पूरी कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।
प्रशासन का कहना है कि समय सीमा समाप्त होने के बाद भवन स्वामी द्वारा आदेश का पालन न किए जाने पर एलडीए नियमानुसार इमारत को ध्वस्त कर देगा। 22 जून की त्रासदी के बाद यह कार्रवाई भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।


