अमृतपुर, फर्रुखाबाद: प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमृतपुर में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में क्षेत्र के ग्रामीणों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयों का वितरण किया तथा आवश्यक परामर्श भी दिए।
मेले के दौरान कुल 74 मरीजों का पंजीकरण कर उनका उपचार किया गया। इस अवसर पर मलेरिया के 13, टाइफाइड के 14, शुगर के 15, बलगम के 6, हीमोग्लोबिन के 6, हेपेटाइटिस के 6 तथा डेंगू के 4 मरीजों की जांच की गई। जांच के उपरांत आवश्यकतानुसार मरीजों को निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। वहीं तीन पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान भारत कार्ड भी मौके पर जारी किए गए, जिससे उन्हें भविष्य में निःशुल्क उपचार का लाभ मिल सके।
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. गौरव वर्मा ने मरीजों को दवा वितरित करते हुए समय पर उपचार कराने, साफ-सफाई रखने, संतुलित आहार लेने तथा मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार के बुखार या अन्य लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच कराने की अपील की।
इस दौरान फार्मासिस्ट अरविंद कुमार, लैब टेक्नीशियन पवन कुमार, सोनाली पाल, एएनएम मीना सिंह, वर्षा सिंह, पूजा तथा आशा संगिनी सहित स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ मौजूद रहा और मेले के सफल संचालन में सहयोग किया।


