लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बंगाल में हुई “महाधांधली और महाबेईमानी” ने यह साबित कर दिया है कि अब सिर्फ चुनाव प्रक्रिया बचाने की नहीं, बल्कि देश बचाने की लड़ाई लड़नी होगी। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि देश गलत हाथों में चला गया है, जो संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की मूल भावना के खिलाफ काम कर रहे हैं।
शुक्रवार को जारी बयान में सपा प्रमुख ने कहा कि आज देश की एकता, अखंडता, लोकतांत्रिक व्यवस्था, आरक्षण, महिलाओं के सम्मान, युवाओं, किसानों, मजदूरों और गरीबों के अधिकारों पर खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने भाजपा और उसके सहयोगियों पर निशाना साधते हुए कहा कि सांप्रदायिकता का जहर फैलाकर देश को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।
अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “हम वो नहीं जो मुश्किलों में साथ छोड़ दें।” इस पोस्ट को विपक्षी एकजुटता के बड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
सपा प्रमुख ने सवाल उठाया कि देश की सामाजिक और राजनीतिक व्यवस्था को कमजोर करने वाले आखिर किसके एजेंट हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को तोड़कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। अखिलेश यादव ने विपक्षी दलों से एकजुट होकर भाजपा को हराने की अपील करते हुए कहा कि देश और लोकतंत्र को बचाने के लिए सभी ताकतों को मिलकर संघर्ष करना होगा।
इसके साथ ही अखिलेश यादव ने आईसीएसई बोर्ड की 10वीं परीक्षा में प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त करने वाली गोरखपुर की छात्रा अक्षिता गुप्ता सहित बेहतर प्रदर्शन करने वाले अन्य छात्रों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।


