‘विजन इंडिया’ कार्यक्रम 14 जून को होगा आयोजित
आगरा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 14 जून को आगरा में आयोजित होने वाले ‘विजन इंडिया’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम का मुख्य विषय “छोटा कारोबारी-कारोबार: क्यों हो रहा बर्बाद?” रखा गया है, जिसमें सूक्ष्म, लघु और पारंपरिक व्यापारियों के सामने खड़ी चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य छोटे और मझोले व्यापारियों की समस्याओं, रोजगार, स्थानीय उद्योगों की स्थिति तथा आर्थिक नीतियों के प्रभाव पर संवाद स्थापित करना है। कार्यक्रम में व्यापार, उद्योग, रोजगार और विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विशेषज्ञों, सामाजिक संगठनों और व्यापारिक वर्ग के प्रतिनिधियों की भागीदारी रहेगी।
‘विजन इंडिया’ के तहत देश के विकास, नवाचार, रोजगार सृजन और आर्थिक अवसरों को लेकर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि स्थानीय संसाधनों और छोटे कारोबारियों को मजबूत किए बिना समावेशी विकास की कल्पना अधूरी है। इसी उद्देश्य से छोटे व्यापारियों और उद्यमियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
कार्यक्रम का आयोजन आगरा स्थित आईटीसी मुगल में किया जाएगा। इसमें प्रदेश भर से बड़ी संख्या में व्यापारी, उद्यमी, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। राजनीतिक दृष्टि से भी यह कार्यक्रम महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसमें प्रदेश की आर्थिक नीतियों और छोटे कारोबारियों की स्थिति पर व्यापक चर्चा होने की उम्मीद है।


