– भाजपा छोड़ कई लोगों ने थामा साइकिल का साथ
– डॉ जे पी वर्मा नें शामिल कराये तमाम लोग
कमालगंज। भोजपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बझेरा में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का जन्मदिन बुधवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. जेपी वर्मा के फार्म हाउस पर किया गया, जहां बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। इस दौरान केक काटकर अखिलेश यादव के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सफल राजनीतिक जीवन की कामना की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक जमालुद्दीन सिद्दीकी मौजूद रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष चन्द्रपाल सिंह यादव, जिला उपाध्यक्ष मुन्ना यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह यादव, नगर अध्यक्ष बिल्लू श्रीवास्तव, सपा नेता शेख फुरकान अहमद, मीडिया प्रभारी राधेश्याम सविता, पूर्व प्रधान नफीस खान, जिला महासचिव युवजन सभा इरफान सिद्दीकी, नवाब यादव, रोहित कटियार, अमन गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा को उस समय बड़ा झटका लगा जब कई लोगों ने भारतीय जनता पार्टी छोड़कर समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। पार्टी नेताओं ने सभी नए सदस्यों का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया और समाजवादी विचारधारा के साथ जनसेवा का संकल्प दिलाया।
समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वालों में प्रमुख रूप से भाजपा नेता जेपी कटियार के भतीजे रोहित कटियार, सतीश राजपूत, अनिकेत राजपूत, जितेंद्र कुशवाहा, गौरव राजपूत, लाला राम राजपूत, सौरभ राजपूत, लकुश राजपूत एवं बलवीर सिंह सहित कई लोग शामिल रहे।
सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी लगातार मजबूत हो रही है और प्रदेश की जनता का विश्वास पार्टी के प्रति बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में पार्टी और अधिक मजबूती के साथ जनता के मुद्दों को उठाएगी। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने अखिलेश यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल जीवन की कामना की।


