फर्रुखाबाद। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नियमों के विरोध में मंगलवार को राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में धरना देकर आवाज बुलंद की। जिलाध्यक्ष अभिषेक दुबे और जिला प्रभारी देवेश नारायण अवस्थी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता जुटे और करीब दो घंटे तक नारेबाजी करते हुए नियमों को वापस लेने की मांग की।
दोपहर 12 बजे शुरू हुआ धरना दो बजे तक चला। प्रदर्शनकारियों ने यूजीसी के नियमों को जनविरोधी बताते हुए सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। जिलाध्यक्ष अभिषेक दुबे ने कहा कि यह कानून शिक्षा व्यवस्था के हित में नहीं है और इसे तत्काल वापस लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मोर्चा इस मुद्दे पर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगा।
उन्होंने कहा कि अलंकार अग्निहोत्री के पद से इस्तीफा देकर आंदोलन को समर्थन देने से युवाओं और छात्रों में नई ऊर्जा आई है। मोर्चा पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
धरने में किसान मोर्चा के राष्ट्रीय प्रवक्ता वेद प्रकाश शुक्ला, कैप्टन संजीव कुमार अग्निहोत्री, रमेश चंद्र त्रिपाठी, आशुतोष मिश्रा, डॉ. प्रवीण कुमार त्रिपाठी, नानकराम दुबे, संजू दीक्षित, अनिल सिकंदर मिश्रा, शिवम बाजपेई, दीपक गुप्ता, एडवोकेट नरेंद्र देव तिवारी, नरेंद्र सोमवंशी, जतिन समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


