फर्रुखाबाद। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यक्रमों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास कार्यों में तेजी लाने और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य, राहत राशि वितरण और ग्राम समाज की भूमि के पट्टा आवंटन की प्रगति की समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने बाढ़ पीड़ितों को राहत पहुंचाने और प्रभावित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के प्रयासों की सराहना की। जिलाधिकारी ने बताया कि बाढ़ में जिन लोगों के मकान कटान की चपेट में आए हैं, उन्हें शासन के निर्धारित मानकों के अनुसार राहत राशि दी गई है। आशियाना खोने वाले परिवारों को ग्राम समाज की भूमि का पट्टा भी आवंटित किया जाएगा।
बैठक से पूर्व प्रभारी मंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखते हुए लंबित परियोजनाओं को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का प्रयास किया जाए।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों के लिए तैनात अधिकारियों के मोबाइल नंबर संबंधित मजरों में सार्वजनिक करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और विकासखंड स्तर पर अभियान चलाकर बच्चों को कृमिनाशक दवा और टीकाकरण से आच्छादित करने को कहा गया।
प्रभारी मंत्री ने कृषि कार्यों के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में दिन के समय नौ से दस घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने तथा क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों और संयोजकों की शिकायत मिलने के बाद निर्धारित समय में मरम्मत कराने के निर्देश दिए। पूर्ण हो चुके एएनएम सेंटर, पीएचसी और ट्रामा सेंटर के निर्माण कार्यों की सूची उपलब्ध कराने तथा गड्ढामुक्त सड़कों की सूची जनप्रतिनिधियों को देने को भी कहा।
कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान उन्होंने पुलिस और प्रशासन को आपसी समन्वय से कार्य करने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, लंबित मामलों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, विधायक कायमगंज डॉ. सुरभि, विधायक अमृतपुर सुशील शाक्य, विधायक भोजपुर नागेंद्र सिंह राठौर, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र वर्मा, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह समेत जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


