कायमगंज/फर्रुखाबाद।
कोतवाली कायमगंज क्षेत्र के गांव अताईपुर जदीद में लगातार हो रही अत्यधिक बारिश के चलते एक पक्के मकान के बीच से दरार पड़ गई। मकान के क्षतिग्रस्त होने से आसपास रहने वाले परिवारों के घरों पर भी खतरा मंडराने लगा। सूचना मिलने पर तहसील और पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार अताईपुर जदीद निवासी अक्कन खान पुत्र सोन खान के पक्के मकान में अत्यधिक बारिश के कारण बीच से दरार आ गई। मकान की स्थिति को देखते हुए उसके पीछे रहने वाले राम स्वरूप पुत्र नत्थू लाल, बृजेश पुत्र नन्हे लाल, प्रमोद कुमार पुत्र होरी लाल, जितेंद्र कुमार पुत्र अमर सिंह तथा शमशुल पुत्र कम्मू मिस्त्री के मकानों पर भी खतरा बना हुआ था।
मकान में दरार आने की जानकारी मोहल्ले के लोगों ने तहसील प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही एसडीएम अभिषेक वर्मा, क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा और कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार और सहायक अभियंता सुनील कुमार ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त मकान की नाप-जोख कर स्थिति का जायजा लिया तथा उच्च अधिकारियों को मामले से अवगत कराया।
देर शाम तक पुलिस और तहसील प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद रही। आसपास के मकानों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन पास के कुछ घरों को खाली भी कराया, ताकि किसी अप्रिय घटना की स्थिति में जनहानि से बचा जा सके।
इसके बाद आज दोपहर तहसीलदार, नायब तहसीलदार और कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ल की मौजूदगी में क्षतिग्रस्त मकान को ध्वस्त कराने की कार्रवाई शुरू कराई गई। मकान को तुड़वाने के दौरान प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद रही तथा सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी गई।
लगातार बारिश के बीच प्रशासन की ओर से की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य क्षतिग्रस्त मकान के अचानक गिरने से आस पास रहने वाले लोगों को संभावित खतरे से बचाना बताया गया।
बारिश से पक्के मकान में आई दरार, सुरक्षा के लिए प्रशासन ने कराया ध्वस्त


