फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के भोलेपुर स्थित बेवर रोड पर सोमवार रात तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला अपने परिजनों के साथ सड़क किनारे पैदल जा रही थी। इसी दौरान तेज गति से आ रहे एक बाइक सवार ने संतुलन खो दिया और महिला को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला सड़क पर गिर गई और उसके सिर में गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और घायल महिला की सहायता की। वहीं हादसे के बाद बाइक सवार को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया तथा पुलिस को सूचना दी।
पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में बाइक सवार की लापरवाही और तेज रफ्तार साफ दिखाई दे रही है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


