39 C
Lucknow
Tuesday, May 26, 2026

कैंची धाम जा रहे 7 दोस्तों की कार एक्सप्रेसवे पर ट्रेलर में घुसी

Must read

– 4 की मौत, 3 जिंदगी की जंग लड़ रहे

बाराबंकी। एक बार फिर तेज रफ्तार और नींद की झपकी ने चार परिवारों के चिराग बुझा दिए। सुल्तानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में कैंची धाम दर्शन के लिए जा रहे सात दोस्तों की इनोवा कार आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह दर्दनाक हादसा मंगलवार रात करीब 2:50 बजे बाराबंकी जिले के भिखरा गांव के पास हुआ। पुलिस के अनुसार सुल्तानपुर की ओर से लखनऊ जा रहे ट्रेलर के पीछे तेज रफ्तार इनोवा कार अचानक अनियंत्रित होकर टकरा गई। टक्कर के बाद एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची।
हादसे में राहुल कुमार (29) निवासी चंदौली, राहुल सिंह (30) निवासी गाजीपुर, सत्यम सिंह (30) निवासी बलिया और सूरज मिश्रा (31) निवासी सुल्तानपुर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पंकज निवासी मिर्जापुर, प्रशांत निवासी बलिया और चंदन सिंह निवासी मिर्जापुर गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर केजीएमयू लखनऊ रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद इनोवा बुरी तरह ट्रेलर के पिछले हिस्से में फंस गई थी। पुलिस को गैस कटर और कड़ी मशक्कत के बाद घायलों और शवों को बाहर निकालना पड़ा। हादसे के बाद कुछ देर तक एक्सप्रेसवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।
प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि चालक को झपकी आने और तेज रफ्तार के कारण कार नियंत्रण खो बैठी। पुलिस ट्रेलर चालक से पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। कैंची धाम दर्शन की यात्रा मातम में बदल गई।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article