36 C
Lucknow
Thursday, May 14, 2026

सिलिंडर लदे ट्रक में घुसी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो, एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत

Must read

 

बांदा

जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र में गुरुवार सुबह बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे गैस सिलिंडर लदे डीसीएम ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों की चीख-पुकार से पूरा इलाका दहल उठा। हादसे में चालक समेत एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवती जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है।

जानकारी के अनुसार सभी लोग आजमगढ़ जिले के रामगढ़ क्षेत्र के रहने वाले थे और किसी पारिवारिक काम से कबरई जा रहे थे। बताया जा रहा है कि सुबह के समय तेज रफ्तार और चालक को आई नींद की झपकी इस बड़े हादसे की वजह बन गई। स्कॉर्पियो इतनी तेज गति में थी कि पीछे से ट्रक में घुसते ही उसका अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि हादसा इतना भयावह था कि गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया, लेकिन तब तक तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। एक अन्य घायल ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल 20 वर्षीय युवती को जिला अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना की सूचना पर बांदा के जिलाधिकारी अमित आसेरी और पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रशासन ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिया है।

इस हादसे ने एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को उजागर कर दिया है। कुछ ही सेकेंड की झपकी ने पूरे परिवार की खुशियां उजाड़ दीं और घर में मातम पसरा दिया। इलाके में इस दर्दनाक हादसे की चर्चा पूरे दिन होती रही और जिसने भी मंजर देखा उसकी रूह कांप उठी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article