38 C
Lucknow
Monday, April 27, 2026

तेज रफ्तार का कहर: डीसीएम और टेंपो की भीषण टक्कर, कई घायल,दो की हालत गंभीर

Must read

 

फर्रुखाबाद

इटावा-बरेली हाईवे पर सोमवार को फर्रुखाबाद जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र के जमापुर स्थित समृद्धि गोल्ड के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें तेज रफ्तार डीसीएम और टेंपो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में टेंपो में सवार कई यात्री घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टेंपो में सवार यात्री पांचाल घाट से हल्लापुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जमापुर समृद्धि गोल्ड के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार डीसीएम ने अचानक टेंपो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। सूचना मिलते ही राजेपुर थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला लोहिया अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
राजेपुर थाना अध्यक्ष सुदेश कुमार ने बताया कि हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। चिकित्सकों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारू कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से इस मार्ग पर सख्ती से यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने और स्पीड कंट्रोल के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article