फर्रुखाबाद
कमालगंज थाना क्षेत्र के टड़ा नगला गांव में रविवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां गांव निवासी संध्या देवी पत्नी महिपाल सिंह की मेहनत पर अज्ञात शरारती तत्वों ने पानी फेर दिया। घर के पास बाग में रखे आलू के ढेर में अचानक आग लग गई, जिससे करीब 75 पैकेट आलू जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए।
पीड़िता संध्या देवी ने बताया कि उन्होंने बड़ी मुश्किल से आलू की फसल तैयार की थी। खेती के लिए उन्होंने अपने जेवर गिरवी रखकर लगभग 8 हजार रुपये जुटाए थे और अपने भांजे से 10 हजार रुपये उधार लिए थे। पिछले करीब दो महीने से वह बेहतर दाम मिलने की उम्मीद में आलू को सुरक्षित रखे हुए थीं, लेकिन रविवार रात किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा आग लगाए जाने से उनकी सारी मेहनत राख हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक अधिकांश आलू जल चुके थे। सूचना पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद संध्या देवी के परिवार के सामने गहरा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उनके पांच बच्चे—मिलन (15 वर्ष), सोहन (12 वर्ष), शबनम (9 वर्ष) तथा जुड़वा बच्चे सलोनी और नमन—के पालन-पोषण की जिम्मेदारी अब और भी कठिन हो गई है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं क्षेत्र में असुरक्षा की भावना बढ़ा रही हैं और प्रशासन को जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


