कौशांबी
शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। कोखराज थाना क्षेत्र स्थित सिहोरी टोल प्लाजा पर एक एलपीजी (LPG) टैंकर अनियंत्रित होकर टोल प्लाजा से टकरा गया, जिसके बाद तेज धमाका हुआ और देखते ही देखते भीषण आग लग गई। हादसे में टोल प्लाजा पर मौजूद कई कर्मचारी इसकी चपेट में आ गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पांच कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि टैंकर चालक और परिचालक वाहन से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। घटना के बाद कई किलोमीटर तक अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टैंकर कानपुर से प्रतापगढ़ की ओर जा रहा था। ओवरटेक करने के प्रयास में तेज रफ्तार टैंकर पहले डिवाइडर से टकराया और फिर टोल प्लाजा में जा घुसा। टक्कर के तुरंत बाद टैंकर से गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिसके कुछ ही क्षण बाद जोरदार विस्फोट हुआ और आग ने पूरे टोल परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का विशाल गुबार लगभग दो किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
आग इतनी विकराल थी कि कोई भी व्यक्ति घटनास्थल के पास जाने का साहस नहीं कर सका। टोल प्लाजा के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से यातायात रोक दिया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बाद में सड़क की एक लेन को यातायात के लिए खोला गया और राहत एवं बचाव कार्य जारी रखा गया।
हादसे में घायल कर्मचारियों को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से झुलसे पांच लोगों को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायल 60 प्रतिशत से अधिक झुलसे हैं और उनका इलाज विशेष बर्न वार्ड में किया जा रहा है। वहीं, टोल प्लाजा के यार्ड में खड़ी 16 से अधिक मोटरसाइकिलें और दो कारें आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गईं। टोल परिसर के पास बने शौचालय और अन्य संरचनाओं को भी नुकसान पहुंचा।
पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही जिले की सभी फायर ब्रिगेड की गाड़ियों और पुलिस बल को तत्काल मौके पर भेजा गया। प्रारंभिक जांच में गैस रिसाव के बाद विस्फोट होने की बात सामने आई है, जबकि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच के लिए तकनीकी टीम और संबंधित विभागों को बुलाया गया है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करने की अपील की है।


