फर्रुखाबाद। कोतवाली कायमगंज क्षेत्र स्थित मंडी समिति में देर रात अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने की प्रारंभिक वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। घटना के समय अधिकांश दुकानें बंद थीं, लेकिन देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि व्यापारियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों और व्यापारियों में अफरा-तफरी मच गई और सभी के हाथ-पैर फूल गए।
इस हादसे में आधा दर्जन से अधिक दुकानें जलकर पूरी तरह राख हो गईं। दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान आग की भेंट चढ़ गया। हालांकि नुकसान का सही आंकलन अभी किया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने भी आग बुझाने में अग्निशमन टीम का सहयोग किया, जिसके चलते बड़ी अनहोनी टल गई।
मंडी समिति में भीषण आग, आधा दर्जन से अधिक दुकानें जलकर खाक, लाखों का नुकसान


