38 C
Lucknow
Friday, July 3, 2026

ब्रेक फेल होने से बेकाबू ट्रक ने सरेआम मचाया कहर, कई वाहनों को मारी टक्कर, 2-3 लोग घायल

Must read

लुधियाना: लुधियाना में बस स्टैंड (Bus stand) के बाहर एक ट्रक लोगों के लिए जानलेवा बन गई। इस ट्रक ने एक नहीं बल्कि कई गाड़ियों चपेट में लिया है। खबर है कि आत्म नगर से ई.एस.आई. हॉस्पिटल (ESI Hospital) की तरफ जाने वाली मुख्य सड़क पर एक बेकाबू ट्रक (truck) ने सरेआम कहर बरपा दिया। तेज रफ्तार और भारी-भरकम ट्रक के अचानक ब्रेक फेल हो गए जिसके बाद उसने सड़क पर आगे चल रहे कई वाहनों को अपनी लपेट में ले लिया।

खबर है कि ट्रक का ब्रेक फेल था, जिसके बाद ट्रक ने एक के बाद एक कार, मोटरसाइकिल और ऑटो को बुरी तरह रौंद डाला। वाहन तो क्षतिग्रस्त हो गए लेकिन, गनीमत यह रही कि इस बड़े हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक आत्म नगर की तरफ से काफी रफ्तार में आ रहा था। अचानक सड़क पर ट्रक का संतुलन बिगड़ने लगा। ड्यूटी पर मुस्तैद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने जब ट्रक की संदिग्ध मूवमेंट देखी, तो उन्होंने अनहोनी की आशंका के चलते ड्राइवर को गाड़ी साइड में रोकने का इशारा किया।

इशारा देखते ही ड्राइवर ने खिड़की से बाहर सिर निकालकर जोर से चिल्लाया, गाड़ी के ब्रेक फेल हो चुके हैं, पीछे हट जाओ। ड्राइवर ने भारी-भरकम ट्रक को नियंत्रित करने की आखिरी सांस तक पूरी कोशिश की, लेकिन सड़क पर ढलान होने और ट्रक में भारी लोड होने के कारण गाड़ी कंट्रोल से बाहर हो गई और आगे जा रहे बेकसूर राहगीरों के वाहनो के लिए बड़ा खतरा बन गई।

हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस के जवानों और स्थानीय दुकानदारों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए तत्परता दिखाई। लोगों ने सूझबूझ से काम लेते हुए दुर्घटनाग्रस्त कारों और ऑटो के भीतर फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस भीषण टक्कर में 2 से 3 लोगों को चोटें आई थीं, जिन्हें खून से लथपथ हालत में तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार देने के बाद सभी को सुरक्षित घर भेज दिया गया है।

बस स्टैंड जैसे वी.आई.पी. और व्यस्त मार्ग पर हुए इस हादसे के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और भयंकर ट्रैफिक जाम लग गया। सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-5 की पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन और स्थानीय लोगों की मदद से बीच सड़क पर कबाड़ बन चुके वाहनों और ट्रक को साइड करवाया, जिसके बाद करीब एक-डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रूप से बहाल किया जा सका। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article