आगरा: मशहूर कॉमेडियन (Famous comedian) और यूट्यूबर बाबू गप्पी (YouTuber Babu Gappi) अपनी वीडियो में महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर फंस गए हैं। गुरुवार सुबह 11 बजे से उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें उनका किरदार डाॅक्टर बन महिलाओं के लेकर अभद्र टिप्पणी करता नजर आता है। इसके बाद उप्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डा. बबीता सिंह चौहान ने मामले का संज्ञान लिया और बाबू गप्पी को नोटिस भेजा।
वीडियो में बाबू गप्पी कह रहे हैं, “मैं कूद कर मर रहा हूं, सरकारी नौकरी नहीं लग रही। मैं पुलिस में नहीं लगूंगा, मुझे तो डॉक्टर बनना है। डॉक्टर बनकर इंजेक्शन लगाने के बहाने महिलाओं के अंग देख लिया करूंगा।”
मामले का संज्ञान लेते हुए महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान ने कड़ा रुख अपनाया। शाम 7 बजे उन्होंने कहा, “महिला कोई मजाक का पात्र नहीं है। महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला कंटेंट बर्दाश्त नहीं होगा।” बबीता चौहान ने बताया कि वह पुलिस कमिश्नर से बात कर सख्त कार्रवाई की मांग करेंगी। साथ ही आपत्तिजनक वीडियो को यूट्यूब से हटवाया जाएगा।
इस मामले में यूट्यूबर बाबू गप्पी ने बताया कि वीडियो में किसी भी तरह की अभद्रता नहीं की गई है। व्यंग को लोगों ने गलत समझ लिया है। यदि इस वीडियो से किसी की भावना आहत हुईं हैं तो मैं हाथ जोड़ कर माफी मांगता हूं।


