कानपुर। चर्चित किडनी ट्रांसप्लांट सिंडिकेट मामले में एक और सनसनीखेज खुलासा सामने आया है। इस बार एंबुलेंस ड्राइवर शिवम और कथित सिंडिकेट सदस्य नवीन पांडेय के बीच हुई बातचीत का ऑडियो सामने आया है, जिसने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।
सूत्रों के मुताबिक, वायरल ऑडियो में प्रयागराज निवासी नवीन पांडेय को इस सिंडिकेट का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है। बातचीत में एक महिला मरीज के ऑपरेशन के बाद मौत होने की चर्चा की जा रही है, जिससे यह मामला अब केवल अवैध ट्रांसप्लांट तक सीमित न रहकर लापरवाही और संभावित आपराधिक साजिश की ओर भी इशारा कर रहा है।
बताया जा रहा है कि यह बातचीत उस समय की है, जब महिला की मौत मैक्स हॉस्पिटल में हो चुकी थी और उसके बाद की परिस्थितियों पर चर्चा की जा रही थी। ऑडियो में कथित तौर पर पूरे घटनाक्रम को लेकर चिंता और बचाव की रणनीति बनाते हुए भी संकेत मिल रहे हैं।
पुलिस अब इस वायरल ऑडियो की सत्यता की जांच में जुट गई है और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका को खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि ऑडियो प्रमाणिक पाया जाता है, तो यह मामले में एक बड़ा साक्ष्य साबित हो सकता है और सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी तेज हो सकती है।
गौरतलब है कि कानपुर में किडनी ट्रांसप्लांट सिंडिकेट का खुलासा होने के बाद से लगातार नए-नए तथ्य सामने आ रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य व्यवस्था और अवैध अंग व्यापार पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम अब इस पूरे नेटवर्क की तह तक जाने की कोशिश में जुटी है।
किडनी ट्रांसप्लांट सिंडिकेट में नया खुलासा: ऑडियो वायरल, ऑपरेशन के बाद महिला की मौत की चर्चा


