28 C
Lucknow
Friday, September 11, 2026

आकाश आनंद पर सपा के बाद कांग्रेस की भी नजर

Must read

 

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी से निष्कासित किए जाने के बाद आकाश आनंद की अगली राजनीतिक पारी को लेकर उत्तर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। सपा के बाद अब कांग्रेस की ओर से भी उन्हें अपने पाले में लाने की पेशकश सामने आई है। कांग्रेस के वरिष्ठ दलित नेता एवं पूर्व सांसद उदित राज ने आकाश आनंद को कांग्रेस में शामिल होने का सार्वजनिक न्योता देते हुए कहा कि यदि वह पार्टी में आना चाहते हैं तो वह उनकी मुलाकात राहुल गांधी से करा सकते हैं। हालांकि, यह प्रस्ताव फिलहाल उदित राज की व्यक्तिगत पहल के तौर पर सामने आया है और कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

उदित राज ने आकाश आनंद को बसपा से बाहर किए जाने के फैसले को “आत्मघाती कदम” बताते हुए कहा कि इससे बहुजन राजनीति को नुकसान पहुंच सकता है। वहीं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने भी आकाश आनंद के समर्थन में बयान देते हुए मायावती पर निशाना साधा। अजय राय का आरोप है कि आकाश आनंद अपने समाज और लोगों के अधिकारों की बात कर रहे थे, जो बसपा नेतृत्व को पसंद नहीं आया।

इस पूरे घटनाक्रम के बीच बसपा सुप्रीमो मायावती भी लगातार आक्रामक रुख अपनाए हुए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लंबी पोस्ट के जरिए आकाश आनंद के ससुर एवं पार्टी के पूर्व नेता अशोक सिद्धार्थ पर निशाना साधते हुए उनके राजनीतिक फैसलों और अतीत की गतिविधियों को लेकर सवाल उठाए हैं।

आकाश आनंद को लेकर सपा और कांग्रेस नेताओं की ओर से सामने आ रहे बयानों ने उत्तर प्रदेश की बहुजन राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। राजनीतिक हलकों में अब नजर इस बात पर है कि बसपा से बाहर होने के बाद आकाश आनंद किस राजनीतिक दिशा का रुख करते हैं।

हालांकि, आकाश आनंद की ओर से सपा या कांग्रेस की ओर से मिले इन प्रस्तावों पर अभी तक कोई आधिकारिक सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में उनकी अगली राजनीतिक पारी को लेकर अटकलों का दौर जारी है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article