रायबरेली।उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (पीसीएस -2024) के फाइनल परिणाम में रायबरेली की होनहार बेटी अनन्या त्रिवेदी ने प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल कर नया इतिहास रच दिया है। उनकी इस सफलता से न केवल परिवार, बल्कि पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।
रायबरेली के आनंद नगर मोहल्ले की रहने वाली अनन्या त्रिवेदी ने साधारण परिवार से निकलकर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपनी मां के त्याग, परिवार के सहयोग और अपनी निरंतर मेहनत को दिया है। अनन्या का कहना है कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं मानी और अपने लक्ष्य पर लगातार फोकस बनाए रखा।
अनन्या ने बताया कि उन्होंने रोज करीब 6 घंटे नियमित और योजनाबद्ध तरीके से पढ़ाई की। उन्होंने तैयारी के दौरान संतुलित रणनीति अपनाई, जिसमें रिवीजन, नोट्स बनाना और समय-समय पर आत्म मूल्यांकन शामिल था। उनका मानना है कि निरंतरता और सही दिशा में मेहनत ही सफलता की कुंजी है।
उनकी इस उपलब्धि ने जिले के अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा का कार्य किया है। स्थानीय लोगों और शिक्षकों ने अनन्या की सफलता को मेहनत, अनुशासन और परिवार के समर्थन का परिणाम बताया है।
अनन्या त्रिवेदी की इस शानदार सफलता से यह साबित हो गया है कि सीमित संसाधनों के बावजूद अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।
पीसीएस -2024 में अनन्या त्रिवेदी ने रचा इतिहास, प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल


