फर्रुखाबाद (नवाबगंज)
नवाबगंज, फर्रुखाबाद।नगर के मुख्य चौराहे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद आखिरकार लोक निर्माण विभाग (पीडब्लूडी ) हरकत में आया है। विभाग ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए चौराहे से करीब 100 मीटर पहले चेतावनी बोर्ड स्थापित कर दिया है।
गौरतलब है कि 14 मार्च, शनिवार की रात इसी चौराहे पर एक बेकाबू डंपर ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसा इतना भीषण था कि तीनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक के साथ-साथ भारी आक्रोश भी देखने को मिला था।
स्थानीय लोगों ने चौराहे पर सुरक्षा मानकों की कमी को लेकर प्रशासन पर सवाल उठाए थे और तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की थी। हादसे के बाद लगातार दबाव के चलते अब लोक निर्माण विभाग ने चेतावनी बोर्ड लगाकर अपनी जिम्मेदारी निभाने की कोशिश की है।
अधिशाषी अभियंता, निर्माण खंड, लोक निर्माण विभाग (फर्रुखाबाद) के निर्देश पर लगाए गए इस बोर्ड पर स्पष्ट लिखा गया है—
“सावधान आगे चौराहा है, कृपया धीरे चलें।”
स्थानीय ग्रामीणों अंशुल गुप्ता, अंशुल राठौर, गोपाल मिश्रा, अमित सक्सेना, राम सिंह, दिलीप यादव और अंकित शाक्य ने इस पहल का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि यदि यह कदम पहले उठाया गया होता, तो शायद तीनों युवकों की जान बचाई जा सकती थी।
हालांकि ग्रामीणों का मानना है कि देर से ही सही, लेकिन यह कदम भविष्य में दुर्घटनाओं को कम करने में मददगार साबित होगा। अब राहगीरों को पहले से ही खतरे का संकेत मिल सकेगा, जिससे वे सावधानी बरत सकेंगे।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आगे भी ऐसे संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है, ताकि किसी और परिवार को इस तरह का दर्द न झेलना पड़े।
भीषण हादसे के बाद जागा पीडल्यूडी, चौराहे से पहले लगाया चेतावनी बोर्ड


