मुजफ्फरनगर। जनपद के बुढ़ाना कस्बे में शुक्रवार को उस समय चर्चा का माहौल बन गया जब बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी तहसील पहुंचे और यहां करीब 55 बीघा कृषि भूमि की रजिस्ट्री अपने नाम कराई। बताया जा रहा है कि इस जमीन की कीमत लगभग छह करोड़ रुपये आंकी जा रही है। अभिनेता के तहसील पहुंचने की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों और प्रशंसकों में उत्सुकता बढ़ गई।
जानकारी के अनुसार अभिनेता अपने परिजनों और भाई, फिल्म प्रोड्यूसर फैजुद्दीन सिद्दीकी के साथ बुढ़ाना तहसील पहुंचे थे। यहां उन्होंने उप निबंधक कार्यालय में जमीन खरीद की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान उप निबंधक पंकज कुमार जैन के समक्ष बैनामे की कार्यवाही संपन्न हुई और आवश्यक दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए गए।
बताया गया है कि यह कृषि भूमि बुढ़ाना बांगर क्षेत्र में स्थित है, जिसे स्थानीय जमीन मालिकों से खरीदा गया है। जानकारी के अनुसार यह जमीन अभिषेक जैन सहित सात लोगों से क्रय की गई है। जमीन की रजिस्ट्री से जुड़ी सभी कानूनी प्रक्रियाएं अभिनेता के अधिवक्ता प्रशांत शर्मा की मौजूदगी में पूरी कराई गईं।
रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने अपने परिजनों से भी मुलाकात की। उन्होंने अपनी माता हज्जन मेहरुनिशां सहित परिवार के अन्य सदस्यों से समय बिताया। इस दौरान उनके साथ भाई एडवोकेट अलमासुद्दीन सिद्दीकी और माजुद्दीन सिद्दीकी भी तहसील मुख्यालय पर मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नवाजुद्दीन सिद्दीकी का अपने पैतृक क्षेत्र से गहरा लगाव है। बताया जा रहा है कि उनके परिवार के पास पहले से भी इस इलाके में जमीन मौजूद है। अब इस नई खरीद के साथ अभिनेता ने अपने पैतृक क्षेत्र से जुड़ाव को और मजबूत किया है।
तहसील परिसर में अभिनेता के पहुंचने की सूचना मिलते ही कई लोग उन्हें देखने के लिए वहां पहुंच गए। हालांकि उन्होंने औपचारिक कार्यवाही पूरी करने के बाद ज्यादा देर रुकना उचित नहीं समझा और परिवार के साथ वहां से रवाना हो गए।
बॉलीवुड में अपनी दमदार अदाकारी के लिए पहचाने जाने वाले नवाजुद्दीन सिद्दीकी की इस जमीन खरीद को लेकर क्षेत्र में काफी चर्चा हो रही है। स्थानीय लोगों का मानना है कि अपने गांव और क्षेत्र से जुड़े रहने की उनकी यह पहल उनके जमीन से जुड़े व्यक्तित्व को दर्शाती है।
बॉलीवुड अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने बुढ़ाना में खरीदी 55 बीघा कृषि भूमि, करीब छह करोड़ रुपये में हुई रजिस्ट्री


