फर्रुखाबाद। थाना मऊदरवाजा क्षेत्र में रविवार को घरेलू विवाद से परेशान एक वृद्ध महिला ने गंगा नदी में छलांग लगा दी। हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय गोताखोर की तत्परता से महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के गांव जनैया सठइया निवासी मीना देवी (60 वर्ष) अपनी बहू से चल रहे विवाद के कारण काफी समय से मानसिक रूप से परेशान थीं। रविवार को वह पांचाल घाट स्थित पैट्रन पुल पर पहुंचीं और अचानक गंगा नदी में छलांग लगा दी। घटना को देख आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पांचाल घाट चौकी पर तैनात सिपाही अभिषेक चाहर अपने साथी पीआरडी जवान कृपाल सिंह के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने बिना देर किए स्थानीय गोताखोर सादाब निवासी सोतबहादुरपुर को बुलाया। गोताखोर ने नदी में उतरकर कड़ी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
महिला को बाहर निकालने के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की। इस दौरान महिला ने बताया कि वह पारिवारिक कलह से काफी परेशान थी, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने महिला को समझाकर शांत कराया और बाद में उसे उसके भतीजे दिनेश चंद्र के सुपुर्द कर दिया।
घटना के बाद कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था, लेकिन पुलिस और गोताखोर की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस और गोताखोर की सूझबूझ व बहादुरी की सराहना की।


