अयोध्या: अयोध्या (Ayodhya) में रौनाही पुलिस ने अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी का बड़ा खुलासा किया है। लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर मुबारकगंज के पास लिंक रोड से पुलिस ने दो अंतरराज्यीय तस्करों (smugglers) को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वीरेन्द्र मौर्या (27) और भोला निषाद (23) के रूप में हुई है। दोनों गोरखपुर के चिलुआताल थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 24 गत्तों में 672 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की। कुल मात्रा 314.97 लीटर बताई गई है। इसमें रॉयल ग्रीन, ब्लेंडर्स प्राइड और सिग्नेचर जैसे बड़े ब्रांड शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हरियाणा से शराब लाकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचते थे। बिहार में शराबबंदी का फायदा उठाकर वे मोटा मुनाफा कमा रहे थे।
तस्करी में इस्तेमाल वैगनआर कार नंबर MH31FE8306 भी पुलिस ने बरामद कर ली है। दस्तावेज न मिलने पर वाहन को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज किया गया है। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


