27 C
Lucknow
Thursday, February 19, 2026

विधानसभा में आवाज: विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने उठाए जनहित के बड़े मुद्दे

Must read

फर्रुखाबाद। भोजपुर क्षेत्र से विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने जनपद से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए सरकार का ध्यान आकृष्ट किया। विधायक ने किसानों, श्रद्धालुओं, आम नागरिकों और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को मजबूती से सदन में रखते हुए उनके समाधान की मांग की।
सबसे पहले विधायक ने फर्रुखाबाद में मेडिकल कॉलेज की स्थापना का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि जनपद की बड़ी आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मेडिकल कॉलेज की अत्यंत आवश्यकता है। मेडिकल कॉलेज बनने से न केवल स्थानीय लोगों को इलाज की सुविधा मिलेगी बल्कि युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के अवसर भी प्राप्त होंगे।

आलू किसानों की समस्या पर उठाई आवाज

विधायक नागेंद्र सिंह राठौर ने सदन में कहा कि फर्रुखाबाद देशभर में आलू उत्पादन के लिए प्रसिद्ध है, लेकिन विगत दो वर्षों से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि किसानों को कोल्ड स्टोरेज के भाड़े और ट्रांसपोर्टेशन में अनुदान देने की व्यवस्था की जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके और उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो।

कमालगंज जाम समस्या के समाधान की मांग

विधायक ने कस्बा कमालगंज में अक्सर लगने वाले भीषण जाम की समस्या को भी गंभीरता से उठाया। उन्होंने कहा कि बढ़ते यातायात के कारण आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए कमालगंज बाईपास निर्माण की मांग की गई।

कांवड़ यात्रियों के लिए मार्ग चौड़ीकरण की पहल

महाशिवरात्रि पर बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री क्षेत्र से गुजरते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए विधायक ने सिंघिरामपुर से काली उधनपुर मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुंदरीकरण की मांग की, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।

दुर्गूपुर में काली नदी पर पुल निर्माण की मांग

विधायक ने दुर्गूपुर क्षेत्र में काली नदी के ऊपर पुल निर्माण की आवश्यकता भी सदन में रखी। उन्होंने कहा कि पुल के अभाव में ग्रामीणों को लंबा चक्कर लगाना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती है। पुल बनने से आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।

जहानगंज में अतिरिक्त विकासखंड बनाने का प्रस्ताव

जनपद के सबसे बड़े विकासखंड कमालगंज में 118 ग्राम प्रधान और 140 क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं, जिससे प्रशासनिक कार्यों में अत्यधिक दबाव रहता है। विधायक ने मांग की कि विकासखंड कमालगंज का विभाजन कर जहानगंज में एक अतिरिक्त विकासखंड बनाया जाए, जिससे प्रशासनिक कार्यों में तेजी आए और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
विधानसभा में विधायक नागेंद्र सिंह राठौर द्वारा उठाए गए इन मुद्दों से स्पष्ट है कि वे फर्रुखाबाद के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। जनहित से जुड़े इन प्रस्तावों पर सरकार द्वारा सकारात्मक निर्णय की अपेक्षा की जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article