फर्रुखाबाद। थाना नवाबगंज क्षेत्र के ग्राम बलीपुर में मंगलवार को हुए एक हृदय विदारक सड़क हादसे में 5 वर्षीय बालिका की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं मासूम की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बलीपुर निवासी रमाकांत की 5 वर्षीय पुत्री दिव्या सड़क के किनारे खड़ी थी। इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक ने मासूम को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दिव्या सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के तुरंत बाद परिजन घायल अवस्था में दिव्या को लेकर लोहिया अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जैसे ही यह खबर परिजनों को मिली, परिवार में चीख-पुकार मच गई और मां सरोजनी देवी बेसुध हो गईं।
मृतका की मां सरोजनी देवी ने रोते हुए बताया कि उनके तीन बेटियां और एक बेटा हैं। दिव्या कक्षा एक की छात्रा थी और बच्चों में तीसरे नंबर की थी। मां ने बताया कि दिव्या सड़क के किनारे खड़ी थी, तभी तेज रफ्तार बाइक सवार ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दी।
घटना की सूचना मिलते ही थाना नवाबगंज पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस बाइक सवार की तलाश में जुट गई है और मामले की जांच की जा रही है।
मासूम की असमय मौत से ग्राम बलीपुर में शोक और सन्नाटे का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी बाइक चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


