फर्रुखाबाद। कम्पिल थाना क्षेत्र के कम्पिल–रुदायन मार्ग पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 13 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। हादसा मानिकपुर गांव के पास उस समय हुआ, जब एक स्कूली बस ने बाइक को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान बस की टक्कर से बाइक असंतुलित होकर गिर गई और किशोरी बस के पहिए के नीचे आ गई।
मृतका की पहचान एटा जनपद के राजा का रामपुर थाना क्षेत्र के भैंसराना गांव निवासी रिया शाक्य (13) पुत्री स्व. धर्मेन्द्र शाक्य के रूप में हुई है। रिया अपने भाई नितेश के साथ बाइक से कायमगंज में रह रही अपनी बहन के घर जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस की टक्कर लगते ही रिया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई बाल-बाल बच गया। हादसे के बाद बस चालक बच्चों सहित वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और आक्रोश में सड़क जाम करने का प्रयास किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
कम्पिल थानाध्यक्ष कपिल चौधरी ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतका रिया अपने छह भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। परिवार में हादसे के बाद कोहराम मचा हुआ है।


