कंपिल:थाना क्षेत्र के ग्राम नगला फुलू निवासी रीटू यादव (33) की गुरुवार देर रात दूसरी मंजिल से पैर फिसलकर नीचे गिरने से मौत हो गई। गंभीर हालत में परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
परिजनों के अनुसार गुरुवार रात करीब 9:30 बजे रीटू यादव दूसरी मंजिल पर थे। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन आनन-फानन में उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
रीटू की करीब 11 वर्ष पहले शादी हुई थी। उनके परिवार में पत्नी रूबी, सात वर्षीय पुत्री लवी और करीब तीन वर्षीय पुत्र आयुष हैं। पति की अचानक मौत से पत्नी रूबी और मां राजवाला का रो-रोकर बुरा हाल है। दोनों मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठने से गांव में भी शोक का माहौल है।
मृतक तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनसे छोटे भाई यशपाल और शिवम यादव हैं। पिता पप्पू यादव उर्फ सतेंद्र ने बताया कि रीटू परिवार की जिम्मेदारियां संभालते थे और घर के खर्च में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की खबर फैलते ही गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने मृतक के घर पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया।


