लखनऊ: उत्तर प्रदेश ATS ने शहजाद भट्टी (Shahzad Bhatti) नेटवर्क से जुड़े संदिग्धों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए 3 अक्टूबर को लखनऊ (Lucknow) समेत 10 जिलों में दबिश दी। सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, अलीगढ़ और मेरठ समेत कई जिलों में संदिग्धों के ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की गई। इस दौरान 10 से 15 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है।
ATS की यह कार्रवाई पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ के दौरान सामने आए इनपुट के आधार पर की जा रही है। एजेंसी 150 से अधिक लोगों की गतिविधियों और उनके संपर्कों की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इनमें से किन लोगों का नेटवर्क से वास्तविक संबंध रहा है और उनकी क्या भूमिका रही है।
जांच के दौरान संदिग्धों के सोशल मीडिया अकाउंट, चैट और दूसरे डिजिटल संपर्कों की भी पड़ताल की जा रही है। एजेंसी का फोकस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर आगे की कड़ियों तक पहुंचने पर है। उत्तर प्रदेश ATS पिछले चार महीनों में शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़ी कथित आतंकी गतिविधियों के मामलों में 52 संदिग्धों को गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तार लोगों से पूछताछ के दौरान 150 से अधिक लोगों के बारे में जानकारी सामने आने के बाद जांच का दायरा बढ़ाया गया है।
जांच में सोशल मीडिया के जरिए युवाओं से संपर्क करने और उन्हें नेटवर्क से जोड़ने के आरोप भी सामने आए हैं। ATS डिजिटल गतिविधियों और संपर्कों की पड़ताल के जरिए संदिग्धों की भूमिका स्पष्ट करने में जुटी है। अब एजेंसी संदिग्धों के घरों और अन्य ठिकानों पर भी दबिश दे रही है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों की भूमिका की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।


