29 C
Lucknow
Friday, September 18, 2026

कुत्ते के काटने का विरोध करने पर युवक से मारपीट, मौत के बाद हत्या का आरोप

Must read

फर्रुखाबाद। कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र के हुसैनपुर नौखंड गांव में कुत्ते के काटने का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि दबंगों ने युवक के साथ मारपीट की, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। शुक्रवार सुबह युवक का शव गांव में ही स्थित एक विद्यालय के पास मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पत्नी ने कई लोगों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। परिजनों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की।
हुसैनपुर नौखंड निवासी संदीप पुत्र शिवपाल कुशवाहा की पत्नी प्रीति ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि गांव में ही रहने वाले चंद्रपाल कुशवाहा, उसके साले, सास, ससुर तथा अन्य लोगों ने संदीप के साथ मारपीट की। प्रीति के अनुसार, करीब दो-तीन दिन पूर्व संदीप गली से होकर गुजर रहा था। इसी दौरान चंद्रपाल के कुत्ते ने संदीप को काट लिया। संदीप ने कुत्ते के काटने का विरोध करते हुए घटना पर आपत्ति जताई।
आरोप है कि इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और आरोपित पक्ष ने संदीप के साथ मारपीट की। पत्नी का कहना है कि कुत्ते के काटने की घटना को लेकर संदीप के साथ दो-तीन बार मारपीट की गई। परिवार की ओर से इस मामले में पुलिस से शिकायत भी की गई, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की।
शुक्रवार सुबह संदीप का शव गांव में ही स्थित एक स्कूल के पास पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना से गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने संदीप की मौत को सामान्य न मानते हुए हत्या की आशंका जताई और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।
परिजनों ने आरोप लगाया कि संदीप के साथ पहले मारपीट की गई और इसके बाद उसकी मौत हुई है। मृतक की पत्नी ने तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ हत्या की कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article