29 C
Lucknow
Friday, September 18, 2026

सीएम योगी व अन्य लोगों को धमकी देने का कथित वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी

Must read

 

इंस्टाग्राम पर ‘आमिर खान’ नाम की आईडी से वीडियो प्रसारित होने का दावा, दो परिजनों से पूछताछ

नवाबगंज (फर्रुखाबाद)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, ब्राह्मण समाज और अन्य लोगों के संबंध में कथित आपत्तिजनक भाषा तथा धमकी से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि वीडियो इंस्टाग्राम पर ‘आमिर खान’ नाम की आईडी से प्रसारित किया गया।
वायरल वीडियो में एक युवक कथित तौर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अन्य लोगों के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करता नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा तेज हो गई। मामले को लेकर पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों के अनुसार, वीडियो में दिखाई देने वाला युवक और जिस आईडी से वीडियो प्रसारित किए जाने की बात कही जा रही है, उसे संचालित करने वाला युवक नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव कक्योली के रहने वाले बताए जा रहे हैं। दोनों के आपस में मित्र होने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, इन तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय हुई। शुक्रवार को पुलिस टीम गांव कक्योली पहुंची और दोनों युवकों के दो परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस वीडियो की सत्यता, इसे रिकॉर्ड करने वाले व्यक्ति तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वाली आईडी के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वीडियो कब और कहां रिकॉर्ड किया गया तथा इसे सोशल मीडिया पर किस व्यक्ति ने अपलोड या वायरल किया। इसके साथ ही वायरल वीडियो में कही गई बातों की सत्यता और वीडियो की प्रामाणिकता की भी जांच की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मामले में किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले जांच पूरी होने की बात कही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article