अमृतपुर (फर्रुखाबाद)। अमृतपुर थाना क्षेत्र में विधायक निधि से बन रही सड़क के निर्माण को लेकर किसानों और ठेकेदार के बीच विवाद गहरा गया है। किसानों ने आरोप लगाया कि तय मानक से अधिक चौड़ाई में मिट्टी डालकर उनके खेतों पर कब्जे की कोशिश की जा रही है। विरोध के बाद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर और जेसीबी का काम रुकवा दिया।
ग्रामीणों के अनुसार विधायक सुशील शाक्य के कोटे से सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। पहले हुई बैठक में अधिकारियों और किसानों की मौजूदगी में सड़क की चौड़ाई तीन मीटर तय की गई थी, लेकिन मौके पर करीब चार मीटर चौड़ाई में मिट्टी डाली जा रही है, जिससे किसानों की कृषि भूमि प्रभावित हो रही है।
मामले की सूचना मिलने पर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के जिलाध्यक्ष अजय कटियार कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया और किसानों की शिकायतें सुनीं। निरीक्षण के दौरान खेतों की ओर अतिरिक्त मिट्टी डाली जाने की स्थिति दिखाई दी।
जिलाध्यक्ष अजय कटियार ने कहा कि किसानों की जमीन को नुकसान पहुंचाकर सड़क निर्माण किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार नहीं कराया गया और मनमानी जारी रही तो भाकियू टिकैत गुट की ओर से अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले तहसीलदार और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में सहमति बनी थी, लेकिन निर्माण एजेंसी उस पर अमल नहीं कर रही है। फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल है और किसान प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं।


