राजकीय इंटर कॉलेज निशातगंज में विधिक जागरूकता कार्यक्रम, 54 छात्र हुए शामिल
लखनऊ। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के तत्वावधान में शुक्रवार को राजकीय इंटर कॉलेज, निशातगंज में बाल अधिकार, बच्चों को मैत्रीपूर्ण विधिक सेवाएं एवं उनके संरक्षण विषय पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ मलखान सिंह के मार्गदर्शन तथा प्रभारी सचिव श्रीमती शोभा भाटी के निर्देशन में किया गया।
कार्यक्रम में पराविधिक स्वयंसेवक दयाराम मौर्य ने छात्र-छात्राओं को उनके विधिक एवं संवैधानिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता तथा बाल संरक्षण से संबंधित कानूनों की जानकारी दी। कार्यक्रम में पीईएस सौरभ प्रताप सिंह, प्रधानाचार्य श्रीमती रेणू मिश्रा, शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित कुल 54 छात्रों ने सहभागिता की।
पराविधिक स्वयंसेवक ने नालसा की ‘बच्चों को मैत्रीपूर्ण विधिक सेवाएं एवं उनके संरक्षण के लिए योजना’ के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि बच्चों को उनके अधिकारों और कानूनी संरक्षण के प्रति जागरूक करना कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है।
छात्रों को शिक्षा का अधिकार, बाल श्रम प्रतिषेध एवं विनियमन, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (POCSO), किशोर न्याय अधिनियम सहित साइबर सुरक्षा और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कानूनी प्रावधानों के बारे में बताया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को गुड टच-बैड टच, साइबर सुरक्षा तथा किसी भी प्रकार के शोषण, हिंसा, उत्पीड़न और भेदभाव से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। बच्चों को बाल हेल्पलाइन 1098 तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में भी बताया गया।
छात्रों को समझाया गया कि किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या अथवा शोषण की स्थिति में वे सहायता प्राप्त कर सकते हैं और अपनी समस्या को उचित माध्यम तक पहुंचा सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न कानूनी विषयों को लेकर उत्साहपूर्वक सवाल पूछे। विशेषज्ञों एवं कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का सरल और व्यवहारिक तरीके से जवाब दिया।
अंत में छात्र-छात्राओं से कानून का सम्मान करने, अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति सजग रहने तथा समाज में विधिक जागरूकता का संदेश प्रसारित करने का आह्वान किया गया।


