– शिशु टिकट, अतिरिक्त सामान, अकेले यात्रा करने वाले बच्चों और प्राथमिकता जांच-बोर्डिंग पर बढ़ा शुल्क
नई दिल्ली। इंडिगो एयरलाइंस ने घरेलू उड़ानों से जुड़ी कई अतिरिक्त यात्री सेवाओं के शुल्क में बढ़ोतरी की है। नई दरों के तहत शिशु के टिकट, अतिरिक्त सामान, बिना अभिभावक यात्रा करने वाले बच्चों की सेवा तथा प्राथमिकता जांच और बोर्डिंग के लिए यात्रियों को अब अधिक भुगतान करना होगा।
तीन दिन से दो वर्ष तक के शिशु के लिए शुल्क 2,000 रुपये से बढ़ाकर 3,000 रुपये प्रति शिशु प्रति उड़ान खंड कर दिया गया है। शिशु को अलग सीट नहीं दी जाती और वह साथ यात्रा कर रहे वयस्क की गोद में यात्रा करता है।
निर्धारित सीमा से अधिक सामान ले जाने पर अब 800 रुपये प्रति अतिरिक्त किलोग्राम शुल्क देना होगा। पहले यह शुल्क 700 रुपये प्रति किलोग्राम था। यानी अतिरिक्त सामान के प्रत्येक किलोग्राम पर 100 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
बिना किसी वयस्क के यात्रा करने वाले 5 से 12 वर्ष के बच्चों के लिए घरेलू उड़ानों में विशेष सेवा शुल्क 5,000 रुपये से बढ़ाकर 5,999 रुपये कर दिया गया है।
इंडिगो की फास्ट फॉरवर्ड सेवा, जिसके तहत प्राथमिकता जांच और बोर्डिंग की सुविधा मिलती है, का शुल्क भी बढ़ाया गया है। घरेलू उड़ानों में यह शुल्क अब 650 रुपये है।
कंपनी ने अन्य कुछ अतिरिक्त सेवाओं के शुल्क में भी संशोधन किया है। ये सेवाएं मूल टिकट के अतिरिक्त वैकल्पिक सुविधाओं के रूप में ली जाती हैं।


