28 C
Lucknow
Thursday, September 17, 2026

हल्द्वानी में सनसनीखेज वारदात, अवैध रिश्तों की सनक ने ली युवक की जान, आरोपी गिरफ्तार

Must read

उत्तराखंड: हल्द्वानी (Haldwani) स्थित बनभूलपुरा क्षेत्र में 29 वर्षीय युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने 15 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। 16 सितंबर को जवाहरनगर स्थित घर के बरामदे में अमन ठाकुर का शव मिला था, जिसकी जांच के बाद पुलिस ने 17 सितंबर को निक्की उर्फ नाटी को गिरफ्तार (arrested) किया। पुलिस के अनुसार 16 सितंबर की सुबह सूचना मिली थी कि जवाहरनगर में एक युवक घर के अंदर बरामदे में अचेत अवस्था में पड़ा है। सूचना पर बनभूलपुरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की पहचान अमन ठाकुर के रूप में हुई।

अमन मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर का रहने वाला था। पुलिस के मुताबिक वह करीब चार से पांच साल से जवाहरनगर के उसी मकान में रह रहा था, जहां उसकी मौत हुई। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम को अमन के गले पर यू-आकार का निशान मिला। इसके बाद पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए हत्या के एंगल से जांच शुरू की और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर बनभूलपुरा कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फत्र्याल ने संभाली। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों से पूछताछ शुरू की।

पुलिस के मुताबिक जांच और सीसीटीवी फुटेज से मिले सुरागों को जोड़ते हुए टीम आरोपी निक्की उर्फ नाटी तक पहुंची। पुलिस का कहना है कि आरोपी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म से नीचे गौला नदी किनारे हजारा की खाली पड़ी झोपड़ी में छिपा था, जहां से उसे 17 सितंबर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे शक था कि उसकी पत्नी के अमन के साथ संबंध हैं। इसी बात को लेकर उसका पत्नी और अमन से अक्सर विवाद होता था।

पुलिस के मुताबिक 15 सितंबर को आरोपी ने अपनी साली को फोन कर धमकी दी थी कि वह अमन या अपनी पत्नी में से किसी को मार देगा। इसके बाद अमन की हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया दुपट्टा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

 

 

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article