29 C
Lucknow
Saturday, September 12, 2026

93 प्रतिशत अंक पाकर कृष्णा गहरवार ने जीती साइकिल

Must read

फर्रुखाबाद। श्री विश्वनाथ सामाजिक सेवा संस्थान द्वारा संचालित 24वीं एशियन स्कॉलरशिप परीक्षा का पुरस्कार वितरण समारोह बद्री विशाल कॉलेज में आयोजित किया गया। समारोह में सामान्य ज्ञान परीक्षा में 93 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले अमृतपुर क्षेत्र के परतापुर कलां निवासी क्रिश्चियन इंटर कॉलेज के कक्षा नौ के छात्र कृष्णा गहरवार को मेगा पुरस्कार के रूप में साइकिल, शील्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि संगीत नाटक अकादमी, लखनऊ, संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश की उपाध्यक्ष श्रीमती विभा सिंह, बद्री विशाल कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष विनोद दुबे, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज श्याम नगर के प्रबंधक गौरव अग्रवाल, कार्यक्रम अध्यक्ष सांसद मुकेश राजपूत तथा भाजपा नेता जितेंद्र सिंह ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्पार्चन कर किया।
एशियन कंप्यूटर द्वारा आयोजित सामान्य ज्ञान परीक्षा का आयोजन चार केंद्रों—सरस्वती विद्या मंदिर श्याम नगर, एसआरएस पब्लिक स्कूल राजपुर, अवंती बाई पब्लिक इंटर कॉलेज शाहजहांपुर और मौलाना आजाद इंटर कॉलेज कमालगंज में कराया गया था। परीक्षा में कुल 4204 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। दो चरणों की परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को समारोह के दौरान पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
सीनियर वर्ग में आकाश शर्मा तथा जूनियर वर्ग में सर्वज्ञ श्रीवास्तव और अंकित ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। आशुतोष अवस्थी, कोमल और कीमती लाल ने द्वितीय स्थान हासिल किया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मिक्सी, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वालों को इलेक्ट्रिक केटल तथा सांत्वना पुरस्कार के रूप में दीवार घड़ी के साथ शील्ड और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में कुल एक सैकड़ा से अधिक छात्र-छात्राओं, विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, संस्था के शाखा प्रबंधकों और स्टाफ को सम्मानित किया गया।
समारोह में छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया। नंदिनी, आस्था, याशिका पांडेय और मीनाक्षी ने गणेश वंदना प्रस्तुत की। नियुक्ति, प्रियुक्ति, आरुशी, मानसी और श्रद्धा ने समूह नृत्य प्रस्तुत किया। स्वाति, प्रीति, श्रुति और अर्चिता पाल ने मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति दी। परी ने भी नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में रंग भर दिया।
संस्था के निदेशक सुरेंद्र पांडेय ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्था की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। प्रबंध निदेशक आकांक्षा सक्सेना ने संस्थान की विभिन्न योजनाओं में सहयोग करने वाले छात्रों को डिनर सेट, दीवार घड़ी सहित अन्य पुरस्कार देकर सम्मानित किया और अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन वैभव सोमवंशी ने किया। इस अवसर पर राजेंद्र दीक्षित, नवीन मिश्र, प्रमोद कुमार, रक्षपाल कुशवाहा, जितेंद्र कुमार, डॉ. समरेंद्र शुक्ल, अरविंद दीक्षित, प्रधानाचार्य डॉ. संदीप चतुर्वेदी, सुपर्णा, शैलेंद्र, फाल्गुनी, पूनम, राधिका, सिंघिका वर्मा, ऋतिक पांडेय, सोनेलाल, पंकज सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और अभिभावक मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article