32 C
Lucknow
Tuesday, September 8, 2026

भूसे वाले कमरे में फंदे से लटका मिला 19 वर्षीय युवती का शव

Must read

 

फर्रुखाबाद। जहानगंज थाना क्षेत्र के महरूपुर बीजल गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब 19 वर्षीय युवती का शव घर के भूसे वाले कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। युवती की मौत के पीछे का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

गांव निवासी तेज सिंह की पुत्री सौम्या सुबह घर के भूसे वाले कमरे में गई थी। काफी देर तक उसके कमरे से बाहर न आने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने कमरे के दरवाजे पर पहुंचकर आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा अंदर से बंद होने पर परिजनों ने आसपास के लोगों की मदद से कमरे में प्रवेश करने का प्रयास किया।

दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने कमरे की दीवार तोड़ दी। अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। सौम्या दुपट्टे के फंदे के सहारे लटकी मिली। परिजनों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची जहानगंज पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाया और मौके पर जांच-पड़ताल की।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई है। परिजन युवती के इस कदम के पीछे कोई ठोस कारण नहीं बता सके हैं। उन्होंने किसी व्यक्ति पर कोई आरोप भी नहीं लगाया है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस युवती की मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article